नेशनल डेस्क, एन के सिंह।
आज आधी रात से थम जाएगी शहर की रफ्तार। चप्पे-चप्पे पर पहरा। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को लेकर जिला प्रशासन का 'मास्टर प्लान' तैयार; कचहरी और बलुआ चौक के रास्ते रहेंगे बंद, देखें वैकल्पिक मार्गों का पूरा चार्ट.
पूर्वी चंपारण: मोतिहारी की ऐतिहासिक धरती एक बार फिर एक बड़े गौरवमयी क्षण की साक्षी बनने जा रही है। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के आगमन को लेकर पूरा जिला प्रशासन 'हाई अलर्ट' पर है। महामहिम की सुरक्षा में कोई चूक न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनी रहे, इसके लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक चंपारण परिक्षेत्र बेतिया हरकिशोर राय,जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से 'ट्रैफिक कवच' तैयार किया है।
यह नई यातायात व्यवस्था आज (03 अप्रैल 2026) की आधी रात से शुरू होकर कल (04 अप्रैल 2026) की शाम तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत शहर के कई प्रमुख रास्तों पर आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
रास्तों का गणित: किधर 'नो एंट्री' और किधर से निकलें?
शहरवासियों को असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस ने रास्तों को डाइवर्ट किया है। घर से निकलने से पहले यह रूट चार्ट जरूर देख लें:
बरियारपुर से कचहरी: यदि आप बरियारपुर की ओर से आ रहे हैं, तो आपको बरियारपुर चौक से ही छतौनी की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
चीनी मिल/रॉमसन प्लाजा: इन रास्तों से आने वाले वाहनों को कचहरी जाने की अनुमति नहीं होगी, उन्हें बरियारपुर की ओर जाना होगा।
रघुनाथपुर से बलुआ: रघुनाथपुर की ओर से आने वाले वाहनों को चाँदमारी की तरफ डाइवर्ट किया गया है।
स्टेशन जाने वाले यात्री: छतौनी की तरफ से आने वाले यात्री अटल चौक (मरीन ड्राइव) से होते हुए जानपुल के रास्ते स्टेशन पहुंच सकेंगे।
स्टेशन से चरखा पार्क: स्टेशन से आने वाले वाहन पटेल चौक से चाँदमारी होते हुए सिंघिया गुमटी की ओर जाएंगे।
रेलवे स्टेशन आवाजाही के लिए जानपुल चौक, अवधेश चौक और छतौनी चौक वाले मार्गों का ही प्रयोग करें।
पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था:
तीन जोन में बँटा शहर
समारोह स्थल के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीन अलग-अलग पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं:
प्रेक्षागृह परिसर: यहाँ केवल महामहिम का कारकेड और VVIP वाहन ही पार्क होंगे।
गांधी मैदान (लुम्बिनी भवन के सामने): यहाँ बड़ी बसों और भारी वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है।
जज कॉलोनी कैंपस: प्रेक्षागृह के पश्चिम में स्थित इस परिसर में छोटी कारों और निजी वाहनों को जगह मिलेगी।
39 स्थानों पर 'ड्रॉप गेट्स': परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा
सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए प्रशासन ने शहर के 39 महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रॉप गेट्स और बैरिकेडिंग की है। मुख्य रूप से:
पुलिस लाइन गेट, डीएम आवास और एसडीपीओ आवास के पास कड़ी चौकसी रहेगी।
समाहरणालय गेट, कचहरी फ्लाई ओवर और हवाई अड्डा फ्लाई ओवर के पास सुरक्षा घेरा रहेगा।
बलुआ फ्लाई ओवर के नीचे कचहरी, चाँदमारी और सदर अस्पताल की ओर जाने वाले सभी रास्ते पुलिस के नियंत्रण में होंगे।
इसके अलावा एनसीसी ऑफिस, एलएनडी कॉलेज, गायत्री मंदिर और मरीन ड्राइव पर भी भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रवेश के लिए प्रोटोकॉल
द्वार संख्या-01: यह द्वार केवल महामहिम और उनके कारकेड के लिए सुरक्षित है।
द्वार संख्या-02: समारोह में आमंत्रित अतिथि और आम जनता इसी द्वार से प्रवेश कर सकेंगे।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति या असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का चुनाव करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
"मोतिहारी के लिए यह सम्मान का क्षण है, आइए अनुशासित रहकर अतिथि देवो भवः की परंपरा को निभाएं।"







