ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर भारत का करारा जवाब, सुरक्षा के प्रति अटल प्रतिबद्धता: पीएम मोदी
नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में श्री मोदी ने कहा कि पूरा देश सशस्त्र बलों के शौर्य और साहस को सलाम करता है।
उन्होंने कहा, “एक वर्ष पहले हमारे सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया था। पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया गया। पूरा राष्ट्र हमारे बलों के पराक्रम को नमन करता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की कठोर नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दुनिया के सामने मजबूत तरीके से रखा। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता, तैयारी और आपसी समन्वय को भी उजागर किया।
श्री मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत की प्रगति ने राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि एक वर्ष बाद भी भारत आतंकवाद और उसके समर्थक तंत्र को खत्म करने के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है।







