स्टेट डेस्क , रानी कुमारी
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुजरात के नवसारी निवासी मुकेश भाई पटेल अपने परिवार के साथ शनिवार दोपहर काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ होने के कारण श्रद्धालु लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा अचानक बैरिकेडिंग बंद कर दिए जाने से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बैरिकेडिंग बंद होने के कारण परिवार के सदस्य अलग-अलग हो गए। उनकी मां बैरिकेडिंग के भीतर रह गईं, जबकि पिता बाहर छूट गए। जब परिवार ने इसका विरोध किया और व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए, तब कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पीड़ित परिवार कोतवाली थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय प्रशासन ने भी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की बात कही है।







