
नेशनल डेस्क, वेरोनिका राय |
भारतीय बैडमिंटन जगत की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक, साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। रविवार को साइना ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने निजी जीवन में आए इस बदलाव की जानकारी दी। इस खबर ने खेल प्रेमियों और प्रशंसकों को हैरान कर दिया है, क्योंकि दोनों ने न सिर्फ कोर्ट पर बल्कि जीवन के हर मोड़ पर एक-दूसरे का साथ निभाया था।
साइना ने अपने पोस्ट में लिखा:
"ज़िंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का चुनाव कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं उन यादों के लिए आभारी हूँ और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देती हूँ। हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।"
लंबे समय से जुड़ा रहा रिश्ता
साइना और कश्यप की प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई थी। दोनों ने हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में एक साथ प्रशिक्षण लिया और वहीं से उनके रिश्ते की शुरुआत हुई। कई वर्षों तक साथ रहने के बाद दोनों ने सितंबर 2018 में शादी की थी। शादी के बाद भी दोनों अक्सर एक-दूसरे को सपोर्ट करते दिखाई दिए।
बैडमिंटन में दोनों का प्रभावशाली सफर
साइना नेहवाल भारतीय खेल जगत की सबसे बड़ी हस्तियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा और विश्व रैंकिंग में नंबर एक बनने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं।
वहीं पारुपल्ली कश्यप भी बैडमिंटन में भारत का नाम ऊँचा कर चुके हैं। वे 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बने। साथ ही वे विश्व रैंकिंग में टॉप-10 तक पहुंचे।
प्रशंसकों की प्रतिक्रिया
इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने हैरानी जताई और दोनों के लिए प्यार व समर्थन प्रकट किया। खेल जगत की इस जोड़ी के अलगाव ने एक बार फिर यह दिखाया कि सेलिब्रिटी लाइफ की चमक-धमक के पीछे कितनी जटिलताएं छुपी होती हैं।
अब दोनों अपने-अपने जीवन में नए अध्याय की ओर बढ़ रहे हैं, और उनके प्रशंसक उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दे रहे हैं।