स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
- गन्ना किसानों का होगा वन स्टॉप समाधान
पटना, गन्ना उद्योग विभाग द्वारा गन्ना सेवा केंद्र के माध्यम से छोटे और सीमांत किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि किसानों को गन्ना की खेती में होने वाली परेशानी दूर हो सके और वह कम लागत में बेहतर गन्ना की खेती कर सकें।
विभाग के मुताबिक यह योजना सबसे पहले उन जिलों में लागू की जाएगी जहां सबसे ज्यादा गन्ना का उत्पादन होता है और मशीनीकरण कम है। इसके बाद अन्य जिलों में इसे लागू किया जाएगा। यह किसानों के लिए एक वन-स्टॉप समाधान होगा। यहां किसानों को खेती से जुड़ी सलाह, नई किस्मों की जानकारी, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी की जानकारी, मिल और बाजार से जुड़ाव के बारे में भी जानकारी मिलेगी। इससे किसानों का समय और खर्च दोनों बचेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग ने छोटे और सीमांत किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के साथ ही मशीन खरीदने में मदद करेगा और किसानों को प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराएगा।
गन्ना क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने की संभावना
बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग के इस पहल से बिहार के गन्ना क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव होने की संभावना है। इससे आधुनिक तरीके से गन्ना की खेती होगी, गन्ना उत्पादन में वृद्धि होगी, गन्ना किसानों के आय में सुधार होगा। इस योजना से गन्ना किसान को मशीन खरीदने में आसानी होगी और वह बेहतर तरीके से गन्ना की खेती कर सकेंगे।







