नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली। एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा सरकार ने आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
वेणुगोपाल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब एक हजार रुपये तक की वृद्धि की गई है, जिसका सीधा असर छोटे ढाबों, रेस्तरां और उन लोगों पर पड़ेगा जो इन पर निर्भर हैं। इसके साथ ही छोटे खाद्य व्यवसायों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता केवल चुनावी समय तक सीमित रहती है और चुनाव खत्म होने के बाद जनता को राहत नहीं मिलती।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले तीन महीनों से ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका थी, ऐसे में सरकार को पहले से योजना बनाकर लोगों को राहत देनी चाहिए थी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि एलपीजी की बढ़ी कीमतों में तत्काल राहत दी जाए और आम लोगों तथा छोटे कारोबारियों को महंगाई से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
गौरतलब है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 261 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि हुई है।







