छह वर्ष में मील का पत्थर साबित हुई 'पीएम स्वनिधि', प्रधानमंत्री ने लाभार्थियों को दी बधाई
नेशनल डेस्क, श्रेया पाण्डेय
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफल 6 वर्ष पूरे होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर साझा किए गए एक संदेश में प्रधानमंत्री ने इस योजना के सभी लाभार्थियों को बधाई दी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में उनके अटूट संकल्प और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल ऋण देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारे रेहड़ी-पटरी वाले भाई-बहनों के विश्वास, गरिमा और सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुकी है।
प्रधानमंत्री ने योजना के सकारात्मक प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि ने बिना किसी गारंटी के ऋण, वित्तीय समावेशन और विकास के नए अवसर सुनिश्चित कर देश के अनगिनत रेहड़ी-पटरी वालों के जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन छोटे उद्यमियों का दृढ़ संकल्प देश की आर्थिक प्रगति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और सरकार इनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा जून 2020 में कोविड-19 महामारी के चरम दौर के बीच इस विशेष माइक्रो-क्रेडिट सुविधा योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना को मुख्य रूप से उन स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया था, जिनकी आजीविका लॉकडाउन और महामारी जनित आर्थिक व्यवधानों के कारण गंभीर रूप से प्रभावित हो गई थी। यह महत्वाकांक्षी योजना पात्र विक्रेताओं को बिना किसी गारंटर के आसान कार्यशील पूंजी ऋण (वर्किंग कैपिटल लोन) प्राप्त करने में सक्षम बनाती है, जिससे वे अपने व्यवसायों को पुनर्जीवित कर आत्मनिर्भर बन सके हैं। छह वर्षों के सफर में यह योजना वित्तीय समावेशन की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है।







