लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । दारौंदा भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पर्यवेक्षकों को सोमवार को सम्मानित किया गया. प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपने-अपने पर्यवेक्षण क्षेत्र का सर्वप्रथम शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले पर्यवेक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
चार्ज अधिकारी सह बीडीओ सिंपी कुमारी एवं अपर चार्ज अधिकारी सह बीईओ सौरभ सुमन ने संयुक्त रूप से सर्किल संख्या-दो के पर्यवेक्षक रमेंद्र नाथ श्रीवास्तव तथा सर्किल संख्या-22 के पर्यवेक्षक विनय कुमार शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया. अधिकारियों ने दोनों पर्यवेक्षकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य से ही जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सकता है.
बीडीओ सीपी कुमारी ने कहा कि जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. मोबाइल एप के माध्यम से हो रहे मकान गणना एवं सूचीकरण कार्य में शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है.







