स्टेट डेस्क , रानी कुमारी
मोतिहारी जिले में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत और कई लोगों के बीमार होने के बाद बिहार पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर जिले के कुख्यात शराब माफिया राजा साह उर्फ राजा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। इसी बीच एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि राजा साह मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर के आसपास मौजूद है।
सूचना की पुष्टि होते ही एसटीएफ की टीम ने मंगलवार की देर रात सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और स्टेशन परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ के लिए ले जाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई गांव का निवासी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, राजा साह के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अवैध शराब तस्करी, शराबबंदी कानून उल्लंघन और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी हथौड़ी थाना कांड संख्या 219/25 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) में वांछित था। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और अपने नेटवर्क के जरिए अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।
मोतिहारी में हाल ही में हुई जहरीली शराब त्रासदी के बाद प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।







