लोकल डेस्क , रानी कुमारी
मोतिहारी: जिले में जहरीली शराब कांड लगातार भयावह रूप लेता जा रहा है। रविवार को इस मामले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
मृतक की पहचान शंकर सरैया निवासी योद्धा मांझी के रूप में हुई है, जिन्होंने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि जहरीली शराब पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। जानकारी के अनुसार, अभी भी एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं और उनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित इलाकों में जांच और छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है, ताकि जहरीली शराब के स्रोत का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध और संदिग्ध शराब का सेवन न करें।







