स्टेट डेस्क, वेरॉनिका राय |
जिन्न के नाम पर दरिंदगी: 8 हत्याओं का आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन गिरफ्तार, महिलाओं से अवैध संबंध का भी आरोप
दिल्ली | दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार से तीन शव मिलने के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार तांत्रिक कमरुद्दीन ने पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अब तक आठ लोगों की हत्या करने की बात कबूल की है। इतना ही नहीं, उसने जिन्न का डर दिखाकर कई महिलाओं का यौन शोषण भी किया।
तिहरे हत्याकांड से खुली परतें
मामला पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीरागढ़ी इलाके का है, जहां एक कार में तीन शव मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच के दौरान पुलिस ने झाड़-फूंक करने वाले कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में सक्रिय था।
‘धनवर्षा’ के नाम पर रचा जाल
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि आरोपी लोगों को धनवर्षा कराने और जिन्न से मिलवाने का झांसा देता था। वह परिवार की किसी लंबी और सुंदर महिला को चुनने की शर्त रखता और दावा करता कि जिन्न उसी के जरिए प्रसन्न होगा।
महिला को कमरे में अकेले ले जाया जाता था। आरोपी कहता था कि जिन्न अदृश्य रूप में शारीरिक संपर्क करेगा और महिला को इसका एहसास भी नहीं होगा। इस दौरान महिला को मोबाइल फोन साथ ले जाने की अनुमति नहीं होती थी या उसे फ्लाइट मोड में रखने को कहा जाता था।
डर और अंधविश्वास का खेल
यदि धनप्राप्ति नहीं होती तो आरोपी महिला को डराता कि जिन्न नाराज हो गया है। वह बीमारी या किसी जानवर के काटने जैसी घटनाओं को जिन्न के क्रोध से जोड़कर दोबारा अनुष्ठान कराने और रकम ऐंठने का दबाव बनाता था। पुलिस के मुताबिक उसने दर्जनों परिवारों को इसी तरह ठगा और शोषित किया।
मोबाइल फोरेंसिक से मिले अहम सबूत
मृतका लक्ष्मी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में कई महिलाओं और युवतियों की तस्वीरें मिली हैं। इन तस्वीरों में वे झाड़-फूंक की मुद्रा में बैठी दिख रही हैं। उनके बाल खुले थे और हाथों में निजी जानकारी लिखे कागज थे। इससे आरोपी के संगठित तरीके से काम करने के संकेत मिले हैं।
आठ हत्याओं की कबूलनामे से सनसनी
पुलिस सूत्रों के अनुसार कमरुद्दीन ने अब तक आठ हत्याएं करने की बात स्वीकार की है। इनमें दिल्ली के पीरागढ़ी का ताजा मामला, फिरोजाबाद (यूपी) और राजस्थान के कुछ मामले शामिल हैं। आरोपी फिलहाल पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है। उसका अंतरराज्यीय नेटवर्क खंगालने के लिए राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया गया है।
लड्डू में मिलाई गई थी सल्फास
जांच में खुलासा हुआ कि पीरागढ़ी में मारे गए रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी को दिए गए लड्डुओं में सल्फास (एल्युमीनियम फॉस्फेट) और भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिलाई गई थीं। सल्फास एक प्रतिबंधित कीटनाशक है, जिसका उपयोग केवल विशेष अनुमति से किया जा सकता है।
बेनामी संपत्ति और नेटवर्क की जांच
पुलिस अब आरोपी की बेनामी संपत्तियों और उसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। आशंका है कि कई और पीड़ित सामने आ सकते हैं।
यह मामला अंधविश्वास के नाम पर हो रहे शोषण और अपराध की भयावह तस्वीर पेश करता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे झाड़-फूंक और तांत्रिक दावों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







