एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर इंटरनेशनल मंच पर भारत और पंजाबी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते नजर आए। दिलजीत ने मशहूर अमेरिकी टीवी शो ‘द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फॉलन’ में दोबारा एंट्री की, जहां उन्होंने होस्ट जिमी फॉलन के साथ जमकर मस्ती की और उन्हें भांगड़ा के स्टेप्स भी सिखाए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिलजीत पंजाबी अंदाज में नजर आ रहे हैं। क्लिप में वह कहते दिखाई देते हैं, “एक बार पंजाबी आ जाएं तो जल्दी नहीं जाते,” जिसके बाद दोनों साथ में भांगड़ा करते नजर आते हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में दिलजीत का नया गाना ‘मोरनी’ भी सुनाई देता है।
दिलजीत दोसांझ इससे पहले भी ‘द टुनाइट शो’ में अपनी प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। साल 2024 में उन्होंने शो में अपने लोकप्रिय गाने ‘Born To Shine’ और ‘G.O.A.T.’ पर परफॉर्म किया था। उस दौरान जिमी फॉलन ने उन्हें “दुनिया के सबसे बड़े पंजाबी कलाकारों में से एक” बताया था।
नई उपस्थिति के दौरान दिलजीत और जिमी फॉलन की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली। सोशल मीडिया पर फैंस इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और इसे पंजाबी संस्कृति के लिए गर्व का पल बता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि दिलजीत लगातार भारतीय और पंजाबी संगीत को ग्लोबल स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।
दिलजीत दोसांझ पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार लोकप्रिय हुए हैं। कोचेला म्यूजिक फेस्टिवल से लेकर ग्लोबल टूर तक, उन्होंने पंजाबी संगीत को दुनिया भर में पहुंचाया है। अब जिमी फॉलन के शो में उनकी वापसी को भी इसी सफलता की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है






