लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
दारौंदा : दारौंदा थाना क्षेत्र के गोरौली गांव में गुरुवार की दोपहर खेत की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सुभाष महतो के 12 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनीश खेत में ट्रैक्टर से जुताई कराने गया था। इसी दौरान वह असंतुलित होकर ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और रोटरी की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह तथा डायल 112 के एसआई योगेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ और समझाइश से शांत कराया तथा स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक अनीश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई सतीश कुमार (6 वर्ष) और बहन संजल कुमारी (7 वर्ष) हैं। दादा मोहन महतो (70 वर्ष) और मां ज्योति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पिता सुभाष महतो परिवार के भरण-पोषण के लिए केरल में पेंटर का काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीवान भेज दिया है।







