लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दरौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की पेंशन संबंधी त्रुटियों के सुधार एवं समस्याओं के निवारण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शिम्पी कुमारी के निर्देशन में किया गया।
शिविर के दौरान पेंशनधारियों से कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इनमें बैंक खाता सुधार, नाम संशोधन, पेंशन योजना का माइग्रेशन, लंबित भुगतान (एरियर) तथा जीवित होने के बावजूद पेंशन बंद होने जैसी समस्याओं का निवारण शामिल रहा।
इस अवसर पर पेंशनधारियों को आधार आधारित जीवन प्रमाणीकरण कराने के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा संचालित सभी छह पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए ई-लाभार्थी पोर्टल के माध्यम से आधार आधारित जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उन्हें डेटाबेस से हटाना तथा वास्तविक लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन भुगतान सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों ने बताया कि जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे लाभार्थी भी पहुंचे, जिनकी सभी आवश्यक कागजात सही होने के बावजूद पिछले दो से तीन महीनों से पेंशन राशि उनके खाते में नहीं पहुंची है। समाधान नहीं होने से ऐसे कई लाभार्थी निराश होकर लौट गए।
शिविर में कार्यपालक सहायक (पेंशन) मनोज कुमार, अर्जुन कुमार, निश्चय सिन्हा, विनोद तिवारी सहित बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे।







