नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली, दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार को गंभीर सेंध का मामला सामने आया, जब एक व्यक्ति तेज रफ्तार कार से लोहे का गेट तोड़ते हुए विधानसभा परिसर में घुस गया।
पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। आरोपी ने विधानसभा के द्वार नंबर-2 से प्रवेश किया, जो वीआईपी के लिए आरक्षित है। गेट और फाटक को तोड़ते हुए अंदर घुसने के बाद उसने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की कार के पास एक फूलों का गुलदस्ता रखा और वहां से फरार हो गया।
इस घटना को सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। घटना के बाद बम निरोधक दस्ते और अपराध शाखा की टीमों को मौके पर बुलाया गया, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मौके पर विशेष पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला (विशेष सेल) और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक, परिसर में घुसने वाली गाड़ी सफेद रंग की टाटा सिएरा एसयूवी थी, जिसका रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश का है। वाहन सर्बजीत सिंह के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है, हालांकि चालक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के समय मौजूद सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही एक रिक्शा चालक से भी जानकारी ली जा रही है, जिसने दावा किया है कि दोपहर करीब 2:15 बजे इसी गाड़ी ने उसे टक्कर मारी थी।







