लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दरौंदा प्रखंड की पिनर्थु खुर्द ग्राम पंचायत में मंगलवार को पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर एक आमसभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता मुखिया नईमुल हक सिद्दीकी ने की।
मुखिया ने बताया कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण मौजा पसीवड़ स्थित खाता संख्या-172, सर्वे संख्या-151 की सरकारी भूमि पर कराया जा रहा है। उक्त भूमि गैर मजरुआ मालिक परती कदीम के रूप में दर्ज है तथा भवन निर्माण के लिए सरकार से स्वीकृति भी प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा एक अक्टूबर 2025 को भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण कार्य बीच में ही बाधित हो गया।
आमसभा में उपस्थित ग्रामीणों ने इसे सरकारी विकास कार्य में अवरोध बताते हुए जिला प्रशासन से अविलंब निर्माण कार्य पुनः शुरू कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण से पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
सभा में मुखिया नईमुल हक सिद्दीकी के अलावा एहसानुल हक, ताज मोहम्मद, इंदल सिंह, पृथ्वीनाथ सिंह, शंभू मिश्र, वीरेन्द्र मिश्र, तारकेश्वर चौहान, दिलीप राय, संतोष राम, हीरामन बैठा, जयराम बैठा, केदार बैठा, राजाराम बैठा, पंकज भारद्वाज, वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







