स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
ग्रामीण विकास को मजबूती, 2615 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर
- भवन निर्माण विभाग की ओर से कुल 2615 भवनों का हो रहा निर्माण
- अगले 2-3 महीनों में 1000 से अधिक भवनों के निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
पटना, भवन निर्माण विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों में 2615 पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें अब तक 450 से अधिक भवनों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। अगले 2-3 महीनों में 1000 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। भवनों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। पंचायत सरकार भवनों का निर्मित क्षोत्रफल सामान्य क्षेत्रों में 7202 वर्गफीट और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 9538 वर्गफीट निर्धारित है। अब तक 100 पंचायत सरकार भवनों का हस्तांतरण प्रशासी विभाग को किया जा चुका है।
अगले 3 महीनों में 1000 भवन पूरे करने का लक्ष्य
अभी हाल में हुए समीक्षा बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि बाकि बचे भवनों का निर्माण मिशन मोड में पूरा करें और हैंडओवर की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ ही टाइमलाइन का पालन करें।
गुणवत्ता पर सख्त निगरानी
सचिव ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्ता में कमी पाएं जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभियंताओं को लक्ष्य निर्धारित कर भवनों का निर्माण पूरा करने का निदेश दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए सप्ताहिक स्थल निरीक्षण करें एवं संवेदकों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करें। निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप हो ताकि निर्माण में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
एक छत के नीचे सरकारी सेवाएं
पंचायत सरकार भवनों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन भवनों में राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी जिससे जनता को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगी। पंचायत भवन में पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, सरपंच, राजस्व कर्मचारी समेत अन्य कर्मियों की बैठने की व्यव्स्था होगी।







