स्टेट डेस्क, आर्या कुमारी।
पटना। नीट पेपर लीक समेत विभिन्न शैक्षणिक मांगों को लेकर राजधानी में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से राजभवन मार्च के लिए निकले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह तीखी झड़प हुई। इस दौरान भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर पथराव किया गया, जबकि एक नेता के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई। हालात बिगड़ने के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान से हुई, जहां बड़ी संख्या में छात्र राजभवन की ओर मार्च करने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहे पहुंचे, जहां पुलिस ने दोबारा उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा का झंडा लगी विधायक विनय बिहारी की गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर पथराव कर दिया। पथराव में वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान एक नेता के साथ मारपीट किए जाने की सूचना भी सामने आई, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रदर्शन के कारण डाकबंगला चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा।
डाकबंगला चौराहे पर मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों के सामने छात्रों ने ताली बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम और एसपी की अपील के बावजूद पीछे हटने से इनकार कर दिया और राजभवन मार्च की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि लगातार विरोध के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केवल नीट पेपर लीक का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि टीआरई-4 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने, बीपीएससी एईडीओ पेपर लीक और अन्य भर्ती एवं परीक्षा संबंधी मामलों पर भी सरकार को घेरा। प्रदर्शनकारियों ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों पर ठोस और पारदर्शी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।







