लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
‘एकल खिड़की प्रणाली’ लागू करने की तैयारी : अभिलाष गुप्ता
रक्सौल / बीरगंज जिला प्रशासन कार्यालय पर्सा में सेवाग्रहियों को हो रही परेशानियों और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने के लिए नव निर्वाचित सांसदों ने सक्रिय रुचि दिखाई है। पर्सा–1 के सांसद हरि पन्त और पर्सा–2 के सांसद सुशील साह कानु संयुक्त रूप से कार्यालय पहुंचकर निरीक्षण करते हुए सेवा प्रवाह की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सांसदों ने सेवा लेने आए आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। सेवाग्रहियों ने शिकायत की कि एक ही फाइल पर ‘टोक’ लगाने और स्वीकृति के लिए कई कमरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, छोटे-छोटे कामों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है तथा प्रशासनिक प्रक्रिया अत्यंत जटिल और दोषपूर्ण है। इसके बाद सांसदों ने प्रमुख जिला अधिकारी भोला दाहाल से मुलाकात कर सेवा सुधार के उपायों पर चर्चा की। इस दौरान प्रजिअ दाहाल ने सेवा को तकनीक-मैत्री और सरल बनाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए कार्यालय के कामकाज को चुस्त बनाने और बिचौलिया मुक्त सेवा सुनिश्चित करने हेतु ‘एकल खिड़की प्रणाली’ लागू करने की योजना प्रस्तुत की।
सांसद पन्त और साह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में जनता को परेशानी होना लोकतंत्र का उपहास है। उन्होंने सेवा को सहज, तेज और सम्मानजनक बनाने पर जोर दिया तथा विश्वास व्यक्त किया कि शुरू किए गए सुधार प्रयासों से जन अपेक्षाएँ पूरी होंगी और समय की बचत भी होगी।







