स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना
राजधानी सहित पांच जिलों में हो रहा पशुओं टीकाकरण
विभागीय कर्मचारी घर-घर जाकर कर रहे निशुल्क टीकाकरण
प्रदेश में 6 चरणों में चल रहा अभियान 18 फरवरी को सीतामढ़ी, जमुई, सुपौल व मधुबनी में होगा टीकाकरण
पटना, राज्य सरकार पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नि:शुल्क टीकाकरण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के पशुपालन निदेशालय द्वारा शुक्रवार को पटना , रोहतास, औरंगाबाद, भोजपुर और बक्सर में पशुओं का टीकाकरण किया गया। यह टीकाकरण पशुओं में होने वाले खुरपका-मुंहपका यानी एफएमडी रोग के नियंत्रण के लिए किया जा रहा है। इस दौरान टीकाकर्मियों ने घर-घर जाकर गाय व भैंस का टीकाकरण किया।
इस अभियान के तहत छह चरणों में राज्य भर में टीकाकरण किया जायेगा। जिसमें पहले चरण का अभियान 2 फरवरी से शुरू है और अंतिम चरण का अभियान 18 फरवरी को शुरु होगा। आगामी 16 फरवरी से मुंगेर, समस्तीपुर, सहरसा, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण एवं गया जी में पशुओं का टीकाकरण किया जायेगा। वहीं, सीतामढ़ी, जमुई, सुपौल एवं मधुबनी में 18 फरवरी से टीकाकरण होगा।
गोपालगंज, नालंदा, शेखपुरा, वैशाली, नवादा, सीवान, अररिया व अन्य जिलों में 10 फरवरी में शुरू
इस अभियान के तहत होने वाला यह टीकाकरण कार्यक्रम गोपालगंज, नालंदा, शेखपुरा, वैशाली, नवादा, सिवान, अररिया, बांका, भागलपुर, किशनगंज, मधेपुरा एवं पूर्णिया में 2 फरवरी, बेगूसराय, कैमूर, कटिहार एवं सारण में 7 फरवरी तथा शिवहर, जहानाबाद, अरवल, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, लखीसराय व दरभंगा में 10 फरवरी से शुरु है। पशुओं के टीकाकरण का यह अभियान संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों, मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों व वार्ड सदस्यों की देखरेख में चलाया जा रहा है। किसी भी पशु का टीकाकरण नहीं होने अथवा टीकाकरण के दौरान राशि की मांग किए जाने की शिकायत पशुपालन निदेशालय के टेलीफोन नंबर 0612-2230942 पर की जा सकती है। डेयरी, मत्स्य व पशु संसाधन विभाग ने सांसदों, विधायकों एवं विधान पार्षदों से इस टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष सहयोग का आग्रह किया है।







