स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना
एक फोन कॉल पर होगी कार्रवाई! पशु टीकाकरण को लेकर सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
- कर्मी घर-घर जाकर कर रहे हैं निशुल्क टीकाकरण
* पशुओं में होने वाले खुरपका-मुंहपका रोग के नियंत्रण के लिए राज्य भर में चलाया जा रहा है टीकाकरण अभियान
* राज्य में 6 चरणों में चलाया जा रहा है यह अभियान, पशुपालकों को मिल रहा है लाभ
पटना, राज्य सरकार पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नि:शुल्क टीकाकरण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के पशुपालन निदेशालय द्वारा शुक्रवार को पटना , रोहतास, औरंगाबाद, भोजपुर और बक्सर में पशुओं का टीकाकरण किया गया।
खुरपका-मुंहपका पर बड़ा वार
यह टीकाकरण पशुओं में होने वाले खुरपका-मुंहपका यानी एफएमडी रोग के नियंत्रण के लिए किया जा रहा है। इस दौरान टीकाकर्मियों ने घर-घर जाकर गाय एवं भैंस का टीकाकरण किया।
इस अभियान के तहत छह चरणों में राज्य भर में टीकाकरण किया जाएगा। जिसमें पहले चरण का अभियान 2 फरवरी से शुरू है और अंतिम चरण का अभियान 18 फरवरी को शुरु होगा। आगामी 16 फरवरी से मुंगेर, समस्तीपुर, सहरसा, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण एवं गया जी में पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। वहीं, सीतामढ़ी, जमुई, सुपौल एवं मधुबनी में 18 फरवरी से टीकाकरण होगा।
अभियान के तहत होने वाला यह टीकाकरण कार्यक्रम गोपालगंज, नालंदा, शेखपुरा, वैशाली, नवादा, सिवान, अररिया, बांका, भागलपुर, किशनगंज, मधेपुरा एवं पूर्णिया में 2 फरवरी , बेगूसराय, कैमूर, कटिहार एवं सारण में 7 फरवरी तथा शिवहर, जहानाबाद, अरवल, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, लखीसराय एवं दरभंगा में 10 फरवरी से शुरु है।
पशुओं के टीकाकरण का यह अभियान संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों, मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं वार्ड सदस्यों की देखरेख में चलाया जा रहा है। किसी भी पशु का टीकाकरण नहीं होने अथवा टीकाकरण के दौरान राशि की मांग किए जाने की शिकायत पशुपालन निदेशालय के टेलीफोन नंबर 0612-2230942 पर की जा सकती है।
डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने सांसदों, विधायकों एवं विधान पार्षदों से इस टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष सहयोग का आग्रह किया है।







