नेशनल डेस्क, श्वेता प्रिया।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। आजिमगंज-कटवा रेलखंड पर कर्णसुबर्णा रेलवे स्टेशन के पास एक यात्री ट्रेन ने रेलवे फाटक पार कर रही स्कूल वैन को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे उस समय हुआ जब स्कूल वैन बच्चों को लेकर रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी। तभी तेज रफ्तार यात्री ट्रेन वैन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
जांच शुरू, लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक पर लापरवाही का आरोप लगाया। रेलवे और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।







