लोकल डेस्क, एन के सिंह।
मुख्य आरोपी विक्रांत कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी इकरामुल को भी दबोचा, 55.11 ग्राम स्मैक और 20,200 नेपाली मुद्रा जब्त।
पूर्वी चंपारण: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। नकरदेई थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थ के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी और बरामदगी
मिली जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सिरिसिया माल क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना मिलते ही नकरदेई पुलिस ने जाल बिछाया और विक्रांत कुमार (पिता-रामएकवल साह, निवासी सिरिसिया माल) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान विक्रांत के पास से 55.11 ग्राम स्मैक जैसा प्रतिबंधित मादक पदार्थ और 20,200 नेपाली रुपये नकद बरामद किए गए।
बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज से दूसरा तस्कर भी गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब विक्रांत से कड़ाई से पूछताछ की, तो इस अवैध धंधे के पूरे जाल (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) का खुलासा हुआ। विक्रांत की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस मामले के दूसरे मुख्य अभियुक्त इकरामुल (पिता-रसूलाह आलम, निवासी सिरिसिया माल) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में नकरदेई थाना कांड संख्या-24/26 दर्ज कर ली है।
पुलिस की सतर्कता जारी
गिरफ्तार तस्करों से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशा मुक्ति अभियान के तहत इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी और तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।







