नेशनल डेस्क , रानी कुमारी
देशभर में महंगाई की मार झेल रही आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार से पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में ईंधन के दाम बढ़ने के बाद रोजमर्रा की जरूरत की चीजें भी महंगी होने की आशंका जताई जा रही है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) द्वारा जारी नई दरों के अनुसार, दिल्ली में गैर-ब्रांडेड डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 90.67 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं पेट्रोल की कीमत में भी तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल बाद पहली बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। इससे पहले 30 अक्टूबर 2024 को दोनों ईंधनों के दाम बढ़ाए गए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दूध और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर पड़ सकता है।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने भी दिल्ली और एनसीआर के कई शहरों में सीएनजी के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। दिल्ली में सीएनजी की कीमत 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। कंपनी ने बताया कि नई दरें शुक्रवार सुबह से लागू हो गई हैं।
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, गुरुग्राम, रेवाड़ी, करनाल, कैथल, कानपुर, अजमेर, हापुड़, ग्रेटर नोएडा और आसपास के कई शहरों में भी सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम महंगी कर दी गई है।
ईंधन की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। रोजाना यात्रा करने वाले वाहन चालकों, टैक्सी और ऑटो चालकों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है। वहीं व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि ईंधन के दाम लगातार बढ़ते रहे तो बाजार में महंगाई और तेज हो सकती है।







