लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में रामगढ़ा पैक्स एवं दारौंदा व्यापार मंडल चुनाव को लेकर प्रखंड स्तर पर आठ अलग-अलग कोषांगों का गठन किया गया है।
निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्पी कुमारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नाम निर्देशन, मतपत्र एवं वज्रगृह, कार्मिक, वाहन, सामग्री प्रबंधन, विधि-व्यवस्था एवं आचार संहिता समेत कुल आठ कोषांग बनाए गए हैं। सभी कोषांगों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि रामगढ़ा पैक्स एवं दारौंदा व्यापार मंडल का चुनाव 20 अप्रैल को संपन्न होगा। इसके लिए 8 एवं 9 अप्रैल को नामांकन किया जाएगा, जबकि 10 और 11 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 13 अप्रैल को अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसी दिन चुनाव चिन्ह का वितरण भी किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा नाम निर्देशन कोषांग को नामांकन से संबंधित सभी कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मतपत्र एवं वज्रगृह कोषांग को मतपत्रों की सुरक्षा एवं रखरखाव का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा कार्मिक कोषांग कर्मियों की तैनाती, वाहन कोषांग परिवहन व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन कोषांग चुनावी सामग्री की उपलब्धता, विधि-व्यवस्था कोषांग सुरक्षा व्यवस्था तथा आचार संहिता कोषांग चुनाव नियमों के पालन को सुनिश्चित करेगा।







.jpeg)