स्टेट डेस्क, मुस्कान सिंह ।
प्रयागराज। जिले के सरायइनायत थाना क्षेत्र में एक किशोरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शारदा सहायक नहर के पास झाड़ियों से किशोरी का शव बरामद किया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस के मुताबिक सरायइनायत थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण पाल की 17 वर्षीय बेटी खुशी पाल 20 अप्रैल की रात अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों ने आशंका जताई कि उसे उसका प्रेमी असमित वर्मा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
इस मामले में किशोरी की मां सुनीता पाल ने सरायइनायत थाने में आरोपी असमित वर्मा के खिलाफ अपहरण समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कराया था। शिकायत के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद गुरुवार को आरोपी असमित वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और उसने खुशी पाल की हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या के बाद शव को शारदा सहायक नहर के पास जंगल में झाड़ियों के बीच फेंक दिया था, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान झाड़ियों से किशोरी का सड़ा-गला शव बरामद किया गया।
शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की वजह और मौत के तरीके को लेकर और जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







