लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा। प्रखंड के बगौरा स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार से विधिवत पढ़ाई शुरू हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन कर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इसके साथ ही दरौंदा क्षेत्र के विद्यार्थियों का लंबे समय से चला आ रहा उच्च शिक्षा का सपना साकार हो गया।
इस अवसर पर दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह ने कहा कि बगौरा में राजकीय डिग्री कॉलेज का संचालन शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विधायक ने कहा कि कॉलेज शुरू होने से विद्यार्थियों का समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी। साथ ही इससे क्षेत्र में शैक्षणिक माहौल मजबूत होगा और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से अध्ययन कर इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
इस मौके पर जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, पूर्व जिला महामंत्री प्रदीप कुमार रोज, मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह, सांसद प्रतिनिधि हितेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।







