लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: सीवान जिले के दारौंदा से बिहार प्रदेश जनता दल (यू) की राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य विजय प्रसाद वर्मा ने बिहार आम बजट को रोजगार उन्मुख बताते हुए कहा कि यह बजट युवाओं और महिलाओं के भविष्य को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे राज्य में रोजगार के अवसरों का बड़ा विस्तार होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और नए उद्यम शुरू करने के लिए ऋण की व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पुलिस बहाली में महिलाओं के लिए नए अवसर भी सृजित किए गए हैं।
विजय प्रसाद वर्मा ने कहा कि ‘सात निश्चय पार्ट थ्री’ को लागू करने के साथ प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने का भी प्रावधान किया गया है। नए उद्योगों, फैक्ट्रियों और चीनी मिलों की स्थापना से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने किसानों के हित में किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उनकी उपज को उचित मूल्य दिलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे बाजार में ठगी का शिकार न हों। साथ ही कब्रिस्तानों के साथ-साथ हिंदू मंदिरों की घेराबंदी की व्यवस्था भी बजट में शामिल की गई है।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट न्याय के साथ विकास की भावना को आगे बढ़ाने वाला है और इससे बिहार के समावेशी विकास को नई दिशा मिलेगी।







