लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
रक्सौल/बीरगंज: ट्रैफिक पुलिस कार्यालय बीरगंज ने सरप्राइज जाँच अभियान चलाते हुए भारत से अवैध रूप से लाए गए बिना नंबर प्लेट के 13 इलेक्ट्रिक (ईवी) स्कूटरों को अपने नियंत्रण में लिया है।ट्रैफिक पुलिस कार्यालय बीरगंज के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी अर्जुन सोडारी के अनुसार, बिना नंबर प्लेट चल रहे इन स्कूटरों को जांच के दौरान पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि अवैध वाहनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और चेकिंग को और सख्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी अर्जुन सोडारी के नेतृत्व में तैनात ट्रैफिक पुलिस टीम ने इन स्कूटरों को जब्त किया। जब्त किए गए सभी स्कूटरों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बीरगंज कस्टम (भंसार) कार्यालय को सौंपा जाएगा। पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन दुर्घटना कर फरार होने का अधिक जोखिम रखते हैं। साथ ही, भारत से बिना कस्टम प्रक्रिया पूरी किए अवैध रूप से लाए गए ऐसे वाहन खुलेआम सड़कों पर चलते पाए गए हैं, जिसके चलते कार्रवाई को और कड़ा किया गया है।ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अवैध वाहनों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा।







