लोकल डेस्क, ऋषि राज।
रक्सौल / बीरगंज: भारत के वीरगंज स्थित महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से मधेश प्रदेश के धनुषा जिले के बटेश्वर गांवपालिका में नए विद्यालय भवन का निर्माण होने जा रहा है।
बटेश्वर गांवपालिका–3 में स्थित श्री जनशक्ति माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का शिलान्यास भारतीय महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा और गांवपालिका अध्यक्ष राम आशीष महतो ने संयुक्त रूप से किया।उक्त विद्यालय भवन भारत सरकार के लगभग 3 करोड़ 45 लाख रुपये के आर्थिक सहयोग से निर्मित किया जाएगा। निर्माणाधीन भवन चार मंजिला होगा, जिसमें कक्षाओं के साथ आवश्यक शैक्षिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह परियोजना उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (एचआईसीडीपी) के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसे स्थानीय स्तर पर कार्यान्वित किया जाएगा।कार्यक्रम में गांवपालिका अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति तथा स्थानीय सरोकारवालों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।नेपाल और भारत के बीच विकास साझेदारी को और सुदृढ़ बनाते हुए ऐसे परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर शिक्षा और आधारभूत संरचना के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।







