
लोकल डेस्क, नीतीश कुमार |
बेगूसराय में एक नाबालिग लड़की पिछले 20 दिनों से गायब है। पुलिस और उसके परिवार वाले लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं। इसी बीच रविवार को लड़की का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में लड़की कह रही है कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई है।
लड़की ने बताया कि उसने अपने प्रेमी को टॉर्चर किया, तब जाकर वह शादी के लिए राजी हुआ। उसकी मां उसे जहर देकर मारना चाहती थी। मां जब जहर खरीदने के लिए घर से बाहर गई थी, तभी वह मौका देखकर अपने प्रेमी के पास चली गई। वीडियो में लड़की ने यह भी बताया कि उसने शादी कर ली है।
असल में, बछवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। लड़की की मां ने गांव के ही युवक और उसके परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 3 जून को यह FIR दर्ज की गई थी।
लड़की की मां का कहना है कि वह खुद भी अपनी बेटी की तलाश कर रही थी, इसलिए रिपोर्ट दर्ज कराने में देर हो गई। उन्होंने राजीव कुमार सहनी (20) और उसके पूरे परिवार को आरोपी बनाया है।
मां ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार ने उन्हें धमकी दी है कि अगर केस किया तो लड़की को मार देंगे। पुलिस को आवेदन मिलते ही लड़की की तलाश शुरू हो गई, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिवार वाले डरे हुए हैं।
लड़का और लड़की दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। लड़की ने लड़के से एकतरफा प्यार करना शुरू कर दिया था। पिछले साल भी वह लड़के के पास चली गई थी, लेकिन लड़के ने उसके परिवार को सूचना देकर उसे घर भेज दिया था।
गायब लड़की ने वीडियो में कहा है कि पिछले साल 13 जून 2024 को भी वह लड़के के घर गई थी क्योंकि वह उससे प्यार करती है। वह अपनी मर्जी से गई थी, लेकिन लड़के ने उसे परिवार को सौंप दिया था।
लड़की ने बताया कि उसके परिवार ने एक साल तक उसे बहुत टॉर्चर किया। परिवार को जब पता चला कि वह लड़के से बात करती है, तो सभी उसे मारना चाहते थे।
लड़की ने बताया कि एक दिन उसकी मां जहर खरीदने के लिए घर से बाहर गई थी, उसी दिन वह मौका देखकर घर से भाग गई और अपने लवर के पास पहुंच गई। लेकिन उसका प्रेमी उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं था।
लड़की ने कहा कि उसने अपने प्रेमी को बहुत टॉर्चर किया और ब्लैकमेल किया कि अगर वह उसे साथ नहीं रखेगा, तो वह सुसाइड कर लेगी और उसका नाम इसमें आ जाएगा।
लड़की ने आगे बताया कि ब्लैकमेल के कारण लड़का डर गया और उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार हो गया। 24 जून को वह लड़के के पास पहुंच गई थी।
लड़की ने कहा कि उसने लड़के से कहा कि वह उससे शादी कर ले, वरना वह उसे फंसा देगी। इसी डर से लड़के ने उससे शादी कर ली।
लड़की ने यह भी कहा कि उसके घरवालों ने लड़के को फोन कर गाली दी है और उसके खिलाफ केस कर दिया है, जबकि गलती उसकी और उसके परिवार वालों की है, न कि लड़के की।