एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
अमेरिकी रियलिटी टीवी स्टार और उद्यमी किम कार्दशियन ने अपने करियर में नया कदम रखते हुए ब्रॉडवे में को-प्रोड्यूसर के रूप में डेब्यू किया है। वह नाटक The Fear of 13 की प्रोड्यूसिंग टीम का हिस्सा बनी हैं, जो एक सच्ची घटना पर आधारित है।
यह नाटक निक यारिस की वास्तविक कहानी पर आधारित है, जिन्हें एक हत्या के मामले में गलत तरीके से दोषी ठहराया गया था और उन्होंने दो दशक से अधिक समय मौत की सजा के इंतजार में बिताया। बाद में डीएनए सबूतों के आधार पर उन्हें निर्दोष साबित किया गया।
इस प्रोजेक्ट से जुड़ते हुए किम कार्दशियन ने कहा कि उनका आपराधिक न्याय सुधार के प्रति जुड़ाव केवल नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वास्तविक लोगों की कहानियों से भी जुड़ा है। उनका मानना है कि ऐसी कहानियों के माध्यम से समाज में जागरूकता लाई जा सकती है।
नाटक का लेखन लिंडसे फेरेन्टिनो ने किया है और इसका निर्देशन टोनी अवॉर्ड विजेता डेविड क्रोमर कर रहे हैं। इसमें प्रमुख भूमिकाओं में एड्रियन ब्रॉडी और टेसा थॉम्पसन नजर आएंगे।
‘द फियर ऑफ 13’ का ब्रॉडवे में आधिकारिक प्रदर्शन 15 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाला है। यह नाटक पहले लंदन में भी प्रस्तुत किया जा चुका है और अब इसे अमेरिकी दर्शकों के सामने लाया जा रहा है।







