नेशनल डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भारतीय कप्तान शुभमन गिल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, उनका यह फैसला भारतीय बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह गलत साबित हुआ।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर 48 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को संभाला। फिर कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अफगान गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
कप्तान शुभमन गिल ने 110 गेंदों में 22 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शानदार 154 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन ने महज 79 गेंदों में 14 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत 125 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 140 गेंदों में 224 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
यह शुभमन गिल के वनडे करियर का नौवां शतक था, जबकि कप्तान के रूप में उनका पहला शतक रहा। कप्तानी संभालने के बाद महज अपने आठवें मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। दूसरी ओर, ईशान किशन के वनडे करियर का यह दूसरा शतक रहा।
भारत ने 49.5 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान की ओर से नंगेयालिया खरोती सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 76 रन देकर 4 विकेट झटके। राशिद खान ने 8 ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। एएम गजनफर ने 10 ओवर में 69 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि मोहम्मद सलीम सफी ने 8 ओवर में 75 रन देकर 1 सफलता हासिल की। बिलाल सामी ने 8.5 ओवर में 90 रन खर्च किए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने 5 ओवर में 36 रन दिए।
403 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। रहमत शाह ने 89 गेंदों पर 79 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, जबकि सदीकुल्लाह अतल ने 42 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 41 रन बनाए। लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। अर्शदीप ने 9 ओवर में 45 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार ने 10 ओवर में 60 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। प्रिंस यादव ने 7.3 ओवर में 56 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 7 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 42 रन खर्च किए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
अपने शानदार 154 रन और कप्तानी पारी के लिए शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अब तीन मैचों की सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी टीम इंडिया की नजरें क्लीन स्वीप पर होंगी, जबकि अफगानिस्तान की टीम सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
संक्षिप्त स्कोर :
- भारत : 402/10 (49.5 ओवर)
शुभमन गिल 154 (110), ईशान किशन 125 (79), रोहित शर्मा 48 (39), नंगेयालिया खरोती 4/76, राशिद खान 3/48
- अफगानिस्तान : 232/10 (44.3 ओवर)
रहमत शाह 79 (89), सदीकुल्लाह अतल 42 (50), रहमानुल्लाह गुरबाज 41 (33), अर्शदीप सिंह 3/45, गुरनूर बरार 3/60, प्रिंस यादव 2/56
परिणाम : भारत 170 रन से विजयी
सीरीज : भारत ने 2-0 से अपने नाम की
गिल की कप्तानी में भारत का परचम फिर लहराया है, सीरीज जीतकर टीम इंडिया ने अपने इरादों का संदेश दुनिया को सुनाया है।







