नेशनल डेस्क, श्रेयांश पराशर l
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) तथा सामाजिक सुरक्षा समझौते के लागू होने को दोनों देशों की साझेदारी के लिए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इन समझौतों के प्रभावी होने से भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच आर्थिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा व्यापार, निवेश और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह भारत-ब्रिटेन संबंधों में एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि दोनों ऐतिहासिक समझौते साझा महत्वाकांक्षाओं को ठोस परिणामों में बदलने का माध्यम बनेंगे और दोनों देशों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता भारतीय किसानों, उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए नए अवसर लेकर आएगा। इससे भारतीय उत्पादों की ब्रिटेन के बाजार तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही प्रौद्योगिकी, पेशेवर सेवाओं और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अधिक अवसर मिलेगा।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा समझौते को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे ब्रिटेन में अस्थायी रूप से कार्यरत भारतीय पेशेवरों को राहत मिलेगी और भारतीय उद्योगों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूती मिलेगी। यह समझौता दोनों देशों के बीच कुशल कार्यबल की आवाजाही को भी सुगम बनाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारत और ब्रिटेन के बीच गहरे विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी आधारित साझेदारी का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों देश साझा समृद्धि और सतत विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि दोनों देशों ने पिछले वर्ष इस ऐतिहासिक समझौते पर सहमति बनाई थी, जिसे अब औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है।







