लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: दारौंदा थाना क्षेत्र के बसवरिया टोला गांव में 22 मई की रात में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने तथा नगदी और गहना लूट लेने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित संदीप महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, घायल व्यक्ति ने बताया कि 22 मई की रात करीब 9:30 बजे गांव के ही कुछ लोग गाली-गलौज करते हुए उसके घर पहुंचे और विवाद करने लगे। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन कुछ देर बाद आरोपित अपने कई साथियों के साथ दोबारा पहुंचे। सभी लोग गमछे से चेहरा ढंके हुए थे तथा लाठी, रॉड और धारदार हथियार से लैस बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान संदीप समेत अन्य लोगों ने हमला कर पीड़ित का सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी अभा देवी को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने घर में रखे सोने-चांदी के गहने, चार हजार रुपये नगद तथा अन्य सामान भी लूट लिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दारौंदा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपित संदीप महतो को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया ।







