मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: 19 वर्षों में 22.72 लाख कन्याओं को मिला योजना का लाभ, 1136 करोड़ वितरित
स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से बदली बेटियों की तकदीर , 19 साल में 22 लाख से अधिक लाभार्थी
- 1136 करोड़ 1 लाख 75 हजार रुपये की राशि वितरित
- गरीब परिवार की बेटियों की शादी पर 5 हजार रुपये का सहयोग
पटना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक वर्ष लाभुकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते 19 वर्षों में 22 लाख 72 हजार 35 कन्याओं को इसका लाभ दिया जा चुका है। योजना के तहत लाभुकों को कुल 1136 करोड़ 1 लाख 75 हजार रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर(डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई है।
बेटी के विवाह में बोझ नहीं, सरकार का सहयोग बना भरोसा
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2007-08 में 20 हजार कन्या लाभार्थियों की संख्या दर्ज की गई थी, जो 2022-23 में बढ़कर 2 लाख 31 हजार 723 हो गई। इस वित्तीय वर्ष 115 करोड़ 86 लाख 15 हजार राशि कन्या विवाह योजना के तहत भेजी गई। वहीं, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 1 लाख 57 हजार 868 लाभार्थी, 2024-25 में 65 हजार 535 और 2025-26 में 39 हजार 435 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया गया है।
कन्या विवाह योजना के तहत गरीबी रेखा के अंतर्गत आने वाले परिवारों की बेटियों को शादी पर पांच हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। अगले भुगतान के लिए 7 हजार 694 लाभार्थियों को 3.84 करोड़ रुपये का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
5 हजार की मदद, लाखों मुस्कान
योजना के तहत बीपीएल तथा वैसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 60 हजार रुपये से कम है उन्हें बेटियों के विवाह पर 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि ई-सुविधा के माध्यम से लाभार्थी के खाते में डीबीटी की जाती है। इसके लिए वधू की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा वर की 21 वर्ष अनिवार्य है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को विवाह के समय आर्थिक बोझ कम करना, विवाह पंजीकरण को बढ़ावा देना तथा बाल विवाह को पूरी तरह रोकना है।







