लोकल डेस्क, एन के सिंह।
कालाबाजारी करने वालों को दी चेतावनी।
पूर्वी चम्पारण: मोतिहारी जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों और बढ़ती बुकिंग के बीच सोमवार को प्रशासनिक अमले ने जमीन पर उतरकर स्थिति का जायजा लिया। चंपारण परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक हरकिशोर राय, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से सुगौली थाना क्षेत्र के छपराबहास स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का सघन निरीक्षण किया, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
डीआईजी ने कहा—पैनिक होने की जरूरत नहीं, जिले में एलपीजी की आपूर्ति सुचारू है।
प्रशासन की पैनी नजर
स्टॉक करने और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्त निर्देश।
बफर स्टॉक सुरक्षित पेट्रोल-डीजल का 15 दिन और एलपीजी का 7 दिन का अतिरिक्त स्टॉक मौजूद।
लापरवाह एजेंसियों पर गाज होम डिलीवरी न करने वाली 3 गैस एजेंसियों से प्रशासन ने मांगा स्पष्टीकरण।
मदद के लिए हेल्पलाइन किसी भी समस्या या कालाबाजारी की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 06252-242418 जारी।
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे अधिकारी, सुरक्षा और स्टॉक की हुई जांच
सोमवार की सुबह जब प्रशासनिक गाड़ियों का काफिला छपराबहास स्थित बॉटलिंग प्लांट पहुंचा, तो वहां हड़कंप मच गया। डीआईजी हरकिशोर राय, डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात ने सीधे फिलिंग शेड का रुख किया। अधिकारियों ने वहां बॉटलिंग की प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों और आपूर्ति श्रृंखला की बारीकी से जांच की। मौके पर मौजूद IOCL के डीजीएम राकेश वर्मा और मोतिहारी टर्मिनल के एसपीएम दीपक कुमार ने अधिकारियों को बताया कि संयंत्र अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहा है।
मांग से ज्यादा हो रही है डिलीवरी
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि पिछले एक महीने में (1 मार्च से 29 मार्च तक) जिले की 115 गैस एजेंसियों के माध्यम से 5,22,735 बुकिंग के मुकाबले 4,42,697 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा चुकी है। 29 मार्च को तो रिकॉर्ड 14,599 सिलेंडरों का वितरण हुआ, जो सामान्य औसत से कहीं अधिक है। प्रशासन ने साफ किया कि वर्तमान में लोग डर के कारण 50 प्रतिशत ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं, जिसकी कोई आवश्यकता नहीं है।
डीआईजी का सख्त संदेश: "कालाबाजारी की तो खैर नहीं"
निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए डीआईजी हरकिशोर राय ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, "जिले के सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दे दिया गया है कि उपभोक्ताओं को किसी भी सूरत में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अगर कोई एजेंसी या व्यक्ति गैस की जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग करता पाया गया, तो पुलिस की उन पर पैनी नजर है और उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक बुकिंग से बचें।
जिला प्रशासन की अपील सहयोग करें उपभोक्ता
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे केवल घरेलू उपयोग के लिए ही गैस का इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति की 24 घंटे निगरानी कर रहा है। यदि किसी उपभोक्ता को सिलेंडर मिलने में परेशानी हो या कोई अधिक पैसे की मांग करे, तो वे तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06252-242418 पर सूचना दें।







