स्टेट डेस्क, मुस्कान सिंह।
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में बाल संरक्षण इकाई और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े अभियान के तहत आर्केस्ट्रा से 23 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। मामले में तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रशासन इस पूरे मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से भी कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाल संरक्षण इकाई को सूचना मिली थी कि छौड़ादानो थाना क्षेत्र में संचालित एक आर्केस्ट्रा में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों से काम कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बाल संरक्षण इकाई और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 23 नाबालिग लड़कियों को वहां से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि रेस्क्यू की गई सभी 23 लड़कियों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां से उनके पुनर्वास और संरक्षण को लेकर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी बच्चियों की पहचान, उम्र सत्यापन और उनके परिवारों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छापेमारी के दौरान तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लड़कियों को किस परिस्थिति में यहां लाया गया था तथा उनके दस्तावेज वैध हैं या नहीं। प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कुछ लड़कियों को दूसरे राज्यों से लाया गया हो सकता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए मानव तस्करी, बाल श्रम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि जांच में मानव तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेस्क्यू की गई सभी लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उन्हें आवश्यक देखभाल, भोजन और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन और बाल संरक्षण इकाई पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वहीं, पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







