लोकल डेस्क, नीतीश कुमार।
मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गोपाल चौक पर अज्ञात चोरों ने दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार रात ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोरों ने तिजोरी में रखे सोना-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना में कुल करीब 21 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने का अनुमान है। चोरी की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई, जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत के साथ पुलिस को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, माधोपुर गोपाल चौक स्थित इंडियन बैंक के नीचे चल रही एक ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। ताला तोड़कर भीतर प्रवेश करने के बाद चोरों ने तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चुरा लिए। यह दुकान शंकर सरैया कसवा टोला निवासी टुनटुन साह की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह मकान मालिक शिव महतो ने ताला टूटने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचने पर चोरी का पता चला।
इसी चौक पर स्थित ध्रुव साह की एक अन्य ज्वेलरी दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई है। इस दुकान से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना और चांदी के आभूषण चोरी होने की बात कही जा रही है। दुकानदार ध्रुव साह ने बताया कि उनकी दुकान में यह दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि चौक पर बैंक और कई दुकानें होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। व्यवसायियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।







