नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार।
राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक से की मुलाकात, कांग्रेस ने एक्स पर लिखा "दो भाई - मोहब्बत के सिपाही"
नई दिल्ली। उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी ‘मोहम्मद दीपक’ ने सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि कोटद्वार के दीपक हाल के दिनों में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उनके शहर में एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान दीपक ने इन संगठनों का विरोध किया। जब उनसे उनका नाम पूछा गया, तो उन्होंने अपना परिचय ‘मोहम्मद दीपक’ के रूप में दिया।
श्री गांधी ने 10 जनपथ में उनसे मिलने पहुंचे दीपक को गले लगाया और उनकी सराहना की। कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दोनों की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “दो भाई - मोहब्बत के सिपाही। मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और साहस की ऐसी मिसाल पेश की है, जो देश के हर युवा को अन्याय और नफरत के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देगी। दीपक ‘मोहब्बत की दुकान’ के सच्चे योद्धा हैं, पूरे देश को उन पर गर्व है।”
लोकसभा लोकसभा नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर दीपक से मुलाकात के बाद लिखा, “हर इंसान, एक समान, यही है भारतीयता, यही है मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात-एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए।"







