स्पोर्ट्स डेस्क,श्रेयांश पराशर l
न्यू चंडीगढ़। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 29वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। पंजाब की इस जीत में प्रियांश आर्य (93) और कूपर कॉनली (87) की तूफानी बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की नींव रखी, जिसके बाद गेंदबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी रही। मिचेल मार्श और आयुष बदोनी ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। बदोनी ने 21 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि, छठे ओवर में विजयकुमार वैशाक ने बदोनी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद 12वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने मिचेल मार्श (40 रन, 28 गेंद) को पवेलियन भेजकर लखनऊ की स्थिति कमजोर कर दी।
कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन अर्शदीप सिंह ने उन्हें आउट कर लखनऊ की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। निकोलस पूरन बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि एडन मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए, पर वे टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। अंततः लखनऊ की टीम निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 200 रन ही बना सकी और 54 रनों से मुकाबला हार गई।
पंजाब किंग्स की इस जीत के साथ ही टीम ने इस सीजन में अपनी लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को टूर्नामेंट में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रियांश आर्य को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।






