लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : रघुनाथपुर प्रखंड की दिघवलिया पंचायत के दिघवलिया गांव के युवा **विकास कुमार** ने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय सेना में **लेफ्टिनेंट** का पद हासिल कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए विकास कुमार को बधाई दी है।
विकास कुमार सामाजिक कार्यकर्ता श्री रामदिना भगत के पौत्र, बैरिस्टर प्रसाद के भतीजे तथा डॉ. ओसिहर प्रसाद के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल कर यह साबित किया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।
परिजनों ने बताया कि इस सफलता का श्रेय परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री रामदिना भगत के मार्गदर्शन और प्रेरणा को भी जाता है। विकास कुमार की सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दिघवलिया पंचायत के मुखिया अजय बैठा ने विकास कुमार और उनके पूरे परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पंचायत सहित पूरे सिवान जिले का गौरव बढ़ा है तथा यह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।






