विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
हनोई : वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक मोटर नौका समुद्र में पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 17 भारतीयों और चालक दल के चार वियतनामी सदस्यों सहित कुल 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद मृतकों के शव बरामद किए। स्थानीय प्रशासन, तटरक्षक बल और आसपास मौजूद नौकाओं की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की मोटर नौका शनिवार दोपहर करीब एक बजे पर्यटकों को लेकर होन-मे-रुत द्वीप से अन-थोई पोर्ट लौट रही थी। इसी दौरान नौका में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठी और समुद्र में पलट गई। हादसे के समय नौका होन-मे-रुत नगोई द्वीप से लगभग 400 मीटर की दूरी पर थी। नौका के पलटते ही उसमें सवार सभी लोग समुद्र में गिर पड़े। जिस क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई, वह फू क्वोक द्वीप के आसपास स्थित छोटे-छोटे द्वीपों का समूह है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक 'आइलैंड हॉपिंग' और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। तटरक्षक बल, बचाव दल और आसपास मौजूद अन्य नौकाओं को मौके पर भेजा गया। बचावकर्मियों ने समुद्र में फंसे 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर किनारे पहुंचाया। इसके बाद चलाए गए तलाशी अभियान में शेष 15 भारतीय पर्यटकों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है और तकनीकी खराबी सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के नाम भी जारी किए हैं। हादसे में तमिलनाडु के सेंथिल कुमार जयवेल, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, श्रीधर सुंदरराजन, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, बालाजी नटेसन, विनया कुमार चिथापुरम भास्करा, रविशंकर सुगुमारन, संतोष कुमार शांतिलाल जैन, बाबू कुप्पुस्वामी और अलगुराजन सिवासामी की जान गई। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के नल्लापेटा आदिशेषय्या रवितेजा, श्रीधर मुदियम और जया लक्ष्मी गल्ली तथा केरल के एविकोट चेरियन थॉमस और लोवेनी थॉमस भी इस हादसे में मारे गए।
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और वियतनाम के स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं सहायता कार्य में जुटा है। दूतावास ने आश्वासन दिया कि हादसे से प्रभावित सभी भारतीय परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
दुर्घटना के तुरंत बाद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि फू क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नौका पलटने की दुखद घटना हुई है। दूतावास ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच जारी है और प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा हनोई में भी अलग सहायता डेस्क बनाई गई है, जहां से प्रभावित परिवारों को आवश्यक जानकारी और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। हो ची मिन्ह सिटी स्थित कंट्रोल रूम के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 पर संपर्क किया जा सकता है, जबकि हनोई सहायता केंद्र के लिए +84 91 308 9165 नंबर जारी किया गया है।







