लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
वीरगंज: मधेश प्रदेश सरकार के गृह, संचार तथा कानून मंत्रालय के अंतर्गत मीडिया काउंसिल जनकपुरधाम के आयोजन में “स्वच्छ, विश्वसनीय और मर्यादित पत्रकारिता के लिए आचार संहिता संबंधी उन्मुखीकरण कार्यक्रम” वीरगंज स्थित होटल वृन्दावन में सम्पन्न हुआ।
एक दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारिता की विश्वसनीयता को बढ़ावा देना, पेशागत मर्यादा कायम रखना तथा संचार माध्यमों के प्रति जनविश्वास को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में पत्रकारिता आचार संहिता के विभिन्न पक्षों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि मधेश प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री लालबाबू राउत थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया काउंसिल जनकपुरधाम की कार्यवाहक अध्यक्ष वंदना झा ने की।
कार्यक्रम में नेपाल पत्रकार महासंघ मधेश प्रदेश के केंद्रीय सचिव अशोक तिवारी, लेखा समिति के संयोजक केसी लामिछाने, नेपाल पत्रकार महासंघ मधेश प्रदेश के अध्यक्ष श्याम बंजारा, नेपाल पत्रकार महासंघ पर्सा शाखा के अध्यक्ष ओमप्रकाश, तथा विश्व पत्रकार महासंघ के दीपेन्द्र चौहान सहित संचार क्षेत्र से जुड़े विभिन्न व्यक्तित्वों की विशेष उपस्थिति रही।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम के प्रमुख प्रशिक्षक वरिष्ठ पत्रकार धर्मेन्द्र झा थे। उन्होंने पत्रकारिता में सत्यता, निष्पक्षता, जवाबदेही, स्रोतों की गोपनीयता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा डिजिटल युग में बढ़ती चुनौतियों जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी पत्रकारों को पत्रकार आचार संहिता के प्रभावी कार्यान्वयन, समाचार प्रसारण में तथ्यपरकता, गलत एवं भ्रामक सूचनाओं की रोकथाम तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग जैसे विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पर्सा जिले के विभिन्न संचार माध्यमों से जुड़े 80 से अधिक पत्रकारों एवं संचारकर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रम पत्रकारिता के पेशागत स्तर को ऊँचा उठाने तथा जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मीडिया काउंसिल जनकपुरधाम ने प्रदेशभर के पत्रकारों की क्षमता अभिवृद्धि तथा पत्रकारिता को और अधिक मर्यादित, उत्तरदायी एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से ऐसे उन्मुखीकरण कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।







