सांसद हरि पन्त ने PM बालेन्द्र शाह के समक्ष अवैध वसूली समेत गंभीर मुद्दे उठाए: अभिलाष गुप्ता
लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
रक्सौल / बीरगंज आज सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में मधेश प्रदेश के सांसदों के साथ हुई बैठक में सांसद पन्त ने पर्सा–1 क्षेत्र से जुड़े विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
उन्होंने विशेष रूप से सरिसवा नदी में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अधिकार संपन्न समिति बनाकर समयसीमा तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी बताया। सांसद पन्त ने बीरगंज के कसीनो पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वहां नेपाली नागरिकों को अवैध रूप से प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं।
इसी तरह, बीरगंज महानगरपालिका द्वारा विभिन्न स्थानों पर ढाट लगाकर अवैध वसूली किए जाने का मुद्दा भी उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने रखा। इस संबंध में प्रमुख जिला अधिकारी और पुलिस प्रमुख के बीच जिम्मेदारी टालने की प्रवृत्ति होने की बात भी उन्होंने बताई।
सभी बातें सुनने के बाद प्रधानमंत्री शाह ने तत्काल पुलिस महानिरीक्षक और गृह सचिव को निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जायज मुद्दों को जिला प्रशासन और पुलिस नेतृत्व नजरअंदाज नहीं कर सकते। बैठक में श्रम मंत्री दीपक साह, प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार असिम शाह तथा मधेश प्रदेश के अन्य सांसद भी उपस्थित थे।







