लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दारौंदा प्रखंड के बगौड़ा शिवाले स्थित शिव मंदिर में गुरुवार को एक प्रेमी युगल का विवाह पूरे हिंदू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। वर्षों से प्रेम संबंध में रहे युवक और युवती के रिश्ते को ग्रामीणों की पहल तथा दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बाद भगवान भोलेनाथ को साक्षी मानकर सात फेरे दिलाए गए। इस अनोखी पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक-युवती एक ही गांव के निवासी हैं और लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन सामाजिक परिस्थितियों के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। जब ग्रामीणों और गांव के बुद्धिजीवियों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों परिवारों से बातचीत कर उन्हें विवाह के लिए राजी किया। कई दौर की चर्चा के बाद दोनों परिवारों ने सहमति दे दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने शादी की पूरी जिम्मेदारी अपने हाथों में ली। सभी ने मिलकर वरमाला, विवाह का जोड़ा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। बगौड़ा शिवाले स्थित शिव मंदिर को सजाया गया, जहां पंडित ने विधि-विधान से विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं। भगवान भोलेनाथ को साक्षी मानकर वर-वधू ने सात फेरे लिए और युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी बनाया।
विवाह समारोह में युवती की मां, बहन सहित दोनों परिवारों के सदस्य तथा गांव के कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे। विवाह के बाद नवदंपती ने माता-पिता, बुजुर्गों और उपस्थित ग्रामीणों का आशीर्वाद लिया। सभी ने उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस अनोखे विवाह की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही लोगों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई। चौक-चौराहों और बाजारों में लोग ग्रामीणों की इस पहल की सराहना करते नजर आए। लोगों का कहना है कि प्रेम संबंध को परिवारों की सहमति और सामाजिक स्वीकृति के साथ विवाह का रूप देना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है, जिससे आपसी समझ, सहमति और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलता है।







