एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा |
आगामी स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच फिल्म के एक्शन डायरेक्टर क्रेग मैक्रे ने अभिनेत्री आलिया भट्ट की मेहनत, समर्पण और कार्यशैली की खुलकर सराहना की है। मैक्रे का कहना है कि फिल्म में दर्शकों को आलिया का ऐसा एक्शन अवतार देखने को मिलेगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया।
क्रेग मैक्रे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े एक्शन प्रोजेक्ट्स पर काम किया है, ने कहा कि आलिया भट्ट की सबसे बड़ी ताकत उनकी असाधारण कार्य नीति और अपने किरदार के प्रति समर्पण है। उनके अनुसार, आलिया ने ‘अल्फा’ के लिए केवल शारीरिक प्रशिक्षण ही नहीं लिया, बल्कि अपने किरदार को गहराई से समझने और उसे पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए भी व्यापक तैयारी की।
मैक्रे ने बताया कि आलिया उन कलाकारों में शामिल हैं जो अपेक्षा से कहीं अधिक मेहनत करते हैं और अपने काम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए आलिया ने लंबे समय तक एक्शन, स्टंट और फिटनेस प्रशिक्षण लिया, जिसका असर दर्शकों को बड़े पर्दे पर साफ दिखाई देगा।
एक्शन डायरेक्टर ने फिल्म की दूसरी प्रमुख अभिनेत्री शरवरी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दोनों अभिनेत्रियों ने शारीरिक फिटनेस, स्किल डेवलपमेंट और स्टंट ट्रेनिंग के लिए काफी समय और मेहनत लगाई है। उनके अनुसार, इस तरह का समर्पण कलाकारों में कम ही देखने को मिलता है।
यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘अल्फा’ को वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की महत्वपूर्ण फिल्मों में माना जा रहा है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। निर्माताओं को उम्मीद है कि दमदार एक्शन, रोमांचक कहानी और मजबूत महिला किरदारों के कारण यह फिल्म दर्शकों के बीच खास पहचान बनाएगी।







