लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: दारौंदा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में शुक्रवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) रामवीर सिंह यादव ने उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बीएओ ने दरौंदा, बगौरा, भीखाबंध समेत अन्य बाजारों में स्थित उर्वरक दुकानों का निरीक्षण कर अभिलेखों, स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर तथा ई-पॉस मशीन की जांच की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को प्रशासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरकों की बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचने अथवा अन्य प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। साथ ही उर्वरक विक्रेताओं को स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर तथा उर्वरक खरीद-स्टॉक पंजिका को प्रतिदिन अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।
रामवीर सिंह यादव ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं बिना लाइसेंस के उर्वरक की दुकान संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना कृषि विभाग को दें। ऐसे अवैध कारोबारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग की इस कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।






