लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती
सीवान/दरौंदा : प्रखंड क्षेत्र के सिरसाव पंचायत अंतर्गत पिपरा मठिया गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 192 में जांच के दौरान भारी अनियमितता उजागर हुई है। ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने स्वयं केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान केंद्र की कुव्यवस्था देख बीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित सेविका से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की है।
रजिस्टर और बच्चों की संख्या में मिला अंतर
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी खामी बच्चों की उपस्थिति को लेकर पाई गई। उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) में दर्ज बच्चों के आंकड़ों और मौके पर मौजूद बच्चों की वास्तविक संख्या में काफी अंतर मिला। इसके अलावा केंद्र पर साफ-सफाई की स्थिति भी अत्यंत दयनीय पाई गई, जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक है।
मेनू से गायब मिला फल और दूध
जांच में यह भी सामने आया कि केंद्र पर सरकारी मेनू का पालन नहीं किया जा रहा है। चार्ट के अनुसार बच्चों को फल और दूध दिया जाना अनिवार्य था, लेकिन मौके पर बच्चों ने बताया कि उन्हें केवल खिचड़ी परोसी गई थी। पोषक क्षेत्र के ग्रामीणों ने पहले ही इस संबंध में प्रखंड प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी।
24 घंटे में मांगा जवाब
बीडीओ शिम्पी कुमारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सेविका अंजू देवी को कारण बताओ नोटिस (Show Cause) जारी किया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेविका के विरुद्ध चयनमुक्ति की अनुशंसा सहित अन्य विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।







