स्टेट डेस्क , रानी कुमारी
पटना में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 जारी किया है। इस नंबर पर उपभोक्ता गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या सुझाव दे सकते हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार यह हेल्पलाइन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सक्रिय रहेगी। प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन के निर्देश पर एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने बताया कि गैस जमाखोरी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए प्रखंड स्तर पर 28 धावा दल (रेडिंग टीम) का गठन किया गया है। ये टीमें नियमित रूप से गैस एजेंसियों और वितरण व्यवस्था की जांच करेंगी।
इसके अलावा एलपीजी एजेंसियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए फोर्स और मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। प्रशासन ने गैस एजेंसियों के क्षेत्रों को सेक्टर, जोनल और सुपर जोनल श्रेणियों में विभाजित कर संबंधित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है, जो वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर व्यवस्था को दुरुस्त रखा जा सके।







